Latest News

जबलपुर: दहेज के नाम पर जुल्म: 5 लाख की मांग पूरी न होने पर बहू को पीटकर निकाला, पति-सास पर केस

दहेज के नाम पर जुल्म: 5 लाख की मांग पूरी न होने पर बहू को पीटकर निकाला, पति-सास पर केस

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता को दहेज की मांग पूरी न करने पर न सिर्फ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसे घर से भी बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

19 अप्रैल 2026 को थाना माढ़ोताल में 25 वर्षीय राजनंदनी कोरी, निवासी सुधासागर विहार कॉलोनी (वर्तमान पता देवनगर, गोसलपुर) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 1 मार्च 2024 को प्रशांत कोरी से हुई थी और उनका एक साल का बेटा है। शादी में उसके माता-पिता ने 51 हजार रुपये नगद और गृहस्थी का सामान दिया था।
आरोप है कि शादी के करीब तीन माह बाद से ही पति प्रशांत कोरी और सास लक्ष्मी कोरी दहेज में कमी का ताना देते हुए मायके से 5 लाख रुपये, सोने की चेन और मोटरसाइकिल लाने की मांग करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

पीड़िता के अनुसार, 4 जनवरी 2026 को पति और सास ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। वह काफी देर तक घर के बाहर बैठी रही और फिर मायके फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उसके पिता, मां और चाचा मौके पर पहुंचे, लेकिन ससुराल पक्ष ने साफ कह दिया कि जब तक 5 लाख रुपये और अन्य मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे उसे नहीं रखेंगे।

इसके बाद पीड़िता अपने बेटे के साथ मायके लौट गई। कई बार समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माने।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पति और सास के खिलाफ धारा 85 बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button