Latest News
जबलपुर # तेज रफ्तार पर पुलिस का प्रहार…इंटरसेप्टर की नजर से नहीं बच पाए 141 चालक, 1.41 लाख जुर्माना व लाइसेंस निलंबन
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के निर्देश पर दुर्घटना संभावित हाईवे पॉइंट्स पर विशेष अभियान

सेटन्यूज़, जबलपुर। हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को थामने के लिए जबलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। इंटरसेप्टर व्हीकल की मदद से की गई इस कार्रवाई में 141 वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग करते हुए पकड़ा गया, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 41 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
हाईवे और प्रमुख मार्गों को किया चिन्हित-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी यातायात अंजना तिवारी के निर्देशन में उन हाईवे और प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया, जहां तेज रफ्तार के कारण सर्वाधिक दुर्घटनाएं सामने आई थीं। इन संवेदनशील स्थानों पर इंटरसेप्टर व्हीकल की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी गई।
आधुनिक कैमरों से 24 घंटे निगरानी-
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इंटरसेप्टर व्हीकल अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें हाई पावर कैमरे लगे हैं। ये कैमरे दिन हो या रात, बारिश हो या कोहरा हर परिस्थिति में तेज गति से चलने वाले वाहनों की सटीक पहचान करने में सक्षम हैं। इससे न केवल कार्रवाई की पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि नियम तोड़ने वालों में भी खौफ का माहौल बना है।
ओवरस्पीडिंग बना सबसे बड़ा कारण-
यातायात पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीडिंग सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण है, जिसे नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में जिम्मेदार ड्राइविंग की आदत विकसित करना है।
लगातार जारी रहेगा अभियान-
कप्तान उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी, ताकि सड़क हादसों में कमी लाकर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



