Latest News

दबंगों का मकान पर हमला: घर में घुसकर की तोड़फोड़, सामान बाहर फेंककर दी जान से मारने की धमकी

दबंगों का मकान पर हमला: घर में घुसकर की तोड़फोड़, सामान बाहर फेंककर दी जान से मारने की धमकी

 

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में दबंगई का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जमीन और मकान विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक मकान में जबरन घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि घर में रखा सामान बाहर फेंक दिया गया और विरोध करने पर मकान मालिक को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पूरा मामला भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के सहजपुर स्थित प्रज्ञा कॉलोनी का है। यहां रहने वाले राजेश कुशवाहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। राजेश के मुताबिक उन्होंने दिसंबर 2024 में मौजा सहजपुर स्थित खसरा नंबर 231/42 की भूमि और मकान रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदा था।

बताया जा रहा है कि खरीदी गई संपत्ति में बने चार कमरों में पहले किरायेदार रह रहे थे। एक किरायेदार द्वारा मकान खाली करने के बाद राजेश ने वहां अपना घरेलू सामान रख दिया था। 10 मई की दोपहर करीब 2 बजे राजेश घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनका छोटा भाई कृष्णकुमार घर पर था।

 

इसी दौरान रविंद्र पटेल, अंशुल पटेल और अंकित पटेल जबरन घर में घुस आए। कुछ देर बाद सुखचैन पटेल और विनोद पटेल भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर घर में रखा कूलर, फ्रिज, टेबल, गैस सिलेंडर, बर्तन, साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान बाहर फेंक दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजेश मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की या मकान खाली नहीं किया तो उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।

 

मामले की शिकायत के बाद भेड़ाघाट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

 

जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अब सवाल यह है कि खुलेआम दबंगई दिखाने वाले आरोपियों पर पुलिस कब तक शिकंजा कसती है।

Related Articles

Back to top button