Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

दसवें के कार्यक्रम में गया परिवार, पीछे से टूटा घर का ताला! 48 घंटे में हनुमानताल पुलिस ने दबोचे दो शातिर नकबजन

एसपी सम्पत उपाध्याय की रणनीति रंग लाई | एएसपी आयुष जाखड़, सीएसपी उदयभान बागरी और थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल की टीम का बड़ा खुलासा

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर! जबलपुर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानताल थाना पुलिस ने सूने मकान में लाखों के जेवर और नकदी चोरी करने वाले दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया कि शहर में नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधी अब ज्यादा दिनों तक कानून से बच नहीं सकते।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और सघन पूछताछ के आधार पर महज दो दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

मामला मोहम्मद गुलाम के सूने मकान में हुई चोरी का था। परिवार रिश्तेदार के दसवें कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान मौका देखकर बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और हर पहलू पर काम किया।

जांच के दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद इजहार अंसारी और अरशद कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, झाले, लॉकेट, चांदी की पायल, कड़े और अन्य जेवर बरामद कर लिए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी पेशेवर तरीके से सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इनका संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस उल्लेखनीय कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, प्रधान आरक्षक सादिक अली, प्रधान आरक्षक अजय डबराल, प्रधान आरक्षक आशीष तिवारी तथा आरक्षक साजिद अली की सराहनीय भूमिका रही।

हनुमानताल पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि शहर में चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं है। लगातार सक्रिय पुलिस टीम अपराधियों तक पहुंचकर उन्हें सलाखों के पीछे भेजने का काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button