खोया मोबाइल अब मिलेगा वापस! जबलपुर पुलिस ने 134 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, 23 लाख की संपत्ति सुरक्षित”
सायबर सेल की बड़ी सफलता | CEIR पोर्टल की मदद से 134 मोबाइल बरामद | एसपी सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर। पुलिस ने आम नागरिकों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने वाली बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में सायबर सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से 134 गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (सायबर सेल) अंजुल अयंक मिश्रा के निर्देशन में अंजाम दिया गया। सायबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न स्थानों से मोबाइल ट्रेस कर उन्हें सुरक्षित बरामद किया।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने जबलपुर पुलिस और सायबर सेल का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी कार्यप्रणाली के कारण यह संभव हो पाया।
इस अवसर पर एसपी सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी पंजीकरण कराएं, जिससे मोबाइल को जल्द ट्रेस किया जा सके।
उन्होंने सायबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। एसपी ने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप ग्रुप पर निवेश के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड न करें और बैंक खाते या व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।
यदि कोई व्यक्ति सायबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या सायबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा जबलपुर सायबर सेल हेल्पलाइन 7701050010 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जबलपुर पुलिस का कहना है कि तकनीक के माध्यम से आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



