शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 290 पाव देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की एक्सिस बाइक भी जब्त”
क्राइम ब्रांच और ग्वारीघाट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई | 290 पाव अवैध शराब जब्त | सप्लायर की तलाश जारी

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर। अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और ग्वारीघाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 290 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये है, तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोटिया तथा डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी ग्वारीघाट कन्हैया बघेल ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की काले रंग की एक्सिस बाइक से ग्राम छिवला की ओर बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छिवला मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरशद शाह, पिता आरिफ शाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी तकिया मोहल्ला, गढ़ा बताया। तलाशी लेने पर बाइक में रखे थैलों और डिक्की से 290 पाव देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किससे खरीदी गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ग्वारीघाट कन्हैया बघेल, डीएसपी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राजीव दुबे, प्रधान आरक्षक मनीष तथा आरक्षक समीर नोरिया की सराहनीय भूमिका रही।



