Latest News

दिनदहाड़े लूट: मारपीट कर युवक से सोने की चेन और महंगा मोबाइल छीना, आरोपी फरार

दिनदहाड़े लूट: मारपीट कर युवक से सोने की चेन और महंगा मोबाइल छीना, आरोपी फरार

जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में लूट की एक वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए मारपीट कर उससे सोने की चेन और महंगा मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित पीयूष सिंह राजपूत (20 वर्ष), निवासी रांझी, ने थाना घमापुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सागर ज्वेलरी में काम करता है। सुबह करीब 10:05 बजे वह रसल चौक से बिरयानी लेकर अपनी एक्टिवा से रांझी लौट रहा था। इसी दौरान पाटबाबा रोड पर जीसीएफ गार्ड चौकी के पहले व्हाइट कलर की एक्टिवा पर सवार दो युवक उसके पास आए और उसकी गाड़ी अड़ाकर उसे रोक लिया।
पीयूष के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। दोनों ने उससे मोबाइल और सोने की चेन देने की मांग की। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने उसका दाहिना हाथ मरोड़ दिया, जबकि दूसरे ने उसके मुंह पर मुक्का मार दिया, जिससे उसे सिर और नाक के पास चोट आई।
मारपीट के बाद आरोपी उसके गले से करीब 2.5 ग्राम वजनी सोने की चेन और रियलमी कंपनी का 12 प्रो प्लस 5G मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घमापुर थाना पुलिस ने मामले में धारा 309(9) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button