Latest News

दिनदहाड़े सड़क पर खून-खराबा: संजीवनी नगर में चाकूबाजी से दहशत, बीच सड़क युवक पर जानलेवा हमला

दिनदहाड़े सड़क पर खून-खराबा: संजीवनी नगर में चाकूबाजी से दहशत, बीच सड़क युवक पर जानलेवा हमला

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बीच सड़क पर बदमाशों द्वारा युवक पर चाकू से हमला किए जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना आम्बा टेंट हाउस के पास की बताई जा रही है, जहां तीन बदमाशों ने मिलकर एक युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान आयुष साहू निवासी शाहीनाका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बीच सड़क पर ही युवक पर हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल आयुष साहू को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल और काला नामक बदमाशों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और बदमाशों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अपराधियों पर समय रहते सख्ती नहीं की गई तो आम लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button