JabalpurLatest NewsMP

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान को मिली नई रफ्तार, मदनमहल पुलिस ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान को मिली नई रफ्तार, मदनमहल पुलिस ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

जबलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत मदनमहल थाना पुलिस ने जनजागरूकता की अनूठी पहल करते हुए चौकी बस स्टैंड स्थित नवभारत तिराहा पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में ग्रीन नुक्कड़ समिति, जबलपुर के कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों ने दिखाया कि नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी गहरे संकट में डाल देता है। उनके प्रभावशाली प्रदर्शन को उपस्थित नागरिकों ने खूब सराहा।

इस दौरान मदनमहल थाना पुलिस ने पोस्टर और बैनरों के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश दिया तथा लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम के समापन पर नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली संभाग) अखिलेश गौर ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशे से बचाने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी, थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज, थाना प्रभारी बेलबाग जितेंद्र पाटकार, चौकी प्रभारी बस स्टैंड जगन्नाथ यादव, उप निरीक्षक दीप्ति लिलहारे, सहायक उप निरीक्षक शिवकुमार विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक सुवेक पटेल, प्रधान आरक्षक रामलाल, आरक्षक लक्ष्मीनारायण गोल्हानी, अभिषेक राजपूत और मनीष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में करीब 500 नागरिक, ऑटो चालक, दुकानदार, व्यापारी, यात्री, राहगीर और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ग्रीन नुक्कड़ समिति के कलाकारों, उपस्थित नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए ऐसे जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button