Crime ReportsJabalpur

नेशनल हाईवे पर लूट का खुलासा, 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार; नगदी, बाइक और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

नेशनल हाईवे पर लूट का खुलासा, 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार; नगदी-बाइक बरामद

जबलपुर में नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर राहगीरों से लूट और अवैध रूप से पैसे मांगकर मारपीट करने वाले गिरोह का माढ़ोताल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को भेड़ाघाट निवासी युवक अपने मामा के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिराया और मारपीट करते हुए करीब 8 हजार 500 रुपये और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे। वहीं 18 अगस्त को भी तीन युवकों ने एक व्यक्ति से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे और रुपये देने से मना करने पर मारपीट कर चोट पहुंचाई थी।

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद बायपास स्थित जीरो डिग्री के पास दबिश देकर दिन्नू उर्फ दिनेश अहिरवार, गौरव अहिरवार उर्फ भोला और प्रमोद चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 1500 रुपये नगद, लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की एक्सिस और एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक बी.एस. गोठरिया और क्राइम ब्रांच डीएसपी शैलेष मिश्रा के मार्गदर्शन में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विश्वेश्वर वर्मा, एएसआई विजय शुक्ला, एएसआई दिलीप वरकड़े, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा, आरक्षक विनय सिंह, राहुल, कुनाल यादव और बलराम वरकड़े ने कार्रवाई में योगदान दिया। वहीं क्राइम ब्रांच की टीम में एएसआई मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक हितेन्द्र रावत, मोहन थापा और आरक्षक रीतेश शुक्ला व संजय सिंह की भूमिका रही। साइबर सेल से उपनिरीक्षक कपूर सिंह मरावी, आरक्षक अरविंद और पवन ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने में सहयोग किया।

पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे और सर्विस रोड पर राहगीरों को निशाना बनाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button