पत्नी से विवाद के बाद युवक बना ‘आग का सौदागर’, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला विलायत कला
पत्नी से विवाद के बाद युवक बना ‘आग का सौदागर’, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला विलायत कला

SET NEWS कटनी: मध्य प्रदेश कटनी जिले के विलायत कला गांव में रविवार शाम एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में एक युवक ने अपने ही घर को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद हुए सिलेंडर धमाके से पूरे गांव में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कौशलेंद्र का अपनी पत्नी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। इसी बात से आक्रोशित होकर युवक ने सुनसान पड़े अपने घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर से उठती ऊंची लपटों को देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे तुरंत काबू करना मुश्किल हो गया।
हालात उस वक्त और भयावह हो गए, जब आग की चपेट में आकर घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी केके पटेल के नेतृत्व में पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद का सामने आया है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिर भी इस घटना ने गांव में डर और चिंता का माहौल बना दिया है।



