पिस्टल तानी, ट्रिगर जाम हुआ तो बरसा दिए बम! रांझी में रंगदारी के लिए किराना व्यापारी के घर-दुकान पर सनसनीखेज हमला
पिस्टल तानी, ट्रिगर जाम हुआ तो बरसा दिए बम! रांझी में रंगदारी के लिए किराना व्यापारी के घर-दुकान पर सनसनीखेज हमला

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में अपराधियों के बुलंद हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। गांधी चौक, मानेगांव स्थित श्रीपाल किराना स्टोर पर देर रात हुई सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि क्षेत्र के कुख्यात बदमाश मोनू शुक्ला और विवेक कोल अपने साथियों के साथ कथित रंगदारी वसूलने पहुंचे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उन्होंने पहले दुकानदार श्रीपाल पर पिस्टल तानकर फायर करने की कोशिश की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रिगर जाम होने से गोली नहीं चल सकी। इसके बाद आरोपियों ने लगातार कई देसी बम फेंककर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों की तेज आवाज से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान श्रीपाल और उनका परिवार दहशत में आ गया। आरोप है कि जाते-जाते बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
इस पूरी वारदात का सबसे अहम साक्ष्य दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में नकाबपोश बदमाश बेखौफ होकर दुकान पर हमला करते और बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि अपराधियों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों का सुरक्षित होकर कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।
सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री के अवशेष जब्त किए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गंभीर वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल रांझी थाना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर शहर में रंगदारी और संगठित अपराध को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब स्थानीय व्यापारियों की मांग है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ बाजार क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



