फ्लाईओवर से फेंकी गई ज्वलनशील बोतल से घर में आग, युवक झुलसा
फ्लाईओवर से फेंकी गई ज्वलनशील बोतल से घर में आग, युवक झुलसा

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा फ्लाई ओवर से फेंकी गई ज्वलनशील पदार्थ की बोतल से एक मकान में आग लग गई। हादसे में घर के अंदर सो रहा युवक झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना तड़के करीब 3:30 बजे की है। मदन महल स्टेशन रोड पर, चौराहे से लगभग 50 मीटर दूर स्थित मकान में शिवांशवर नामक युवक सो रहा था। मकान की छत सीमेंट शीट और पॉलिथीन से ढकी थी। अचानक छत पर आग भड़क उठी और जलते हुए टुकड़े कमरे में गिरने लगे, जिससे युवक आग की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फ्लाईओवर से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल मकान पर फेंकी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आसपास के लोगों से पूछताछ में कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।



