बरगी बांध लबालब, 9 गेट खुले! नर्मदा में 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा, तटों पर अलर्ट
बरगी बांध लबालब, 9 गेट खुले! नर्मदा में 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा, तटों पर अलर्ट

जबलपुर। लगातार हो रही बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर बढ़कर 420.80 मीटर पहुंच गया है। जल नियंत्रण के लिए डैम प्रबंधन ने 9 गेट 0.78 मीटर तक खोल दिए हैं। इन गेटों से नर्मदा नदी में करीब 1031 घन मीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है।
कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने के कारण बांध में पानी की आवक बनी हुई है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा में बढ़े जलप्रवाह का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी बरगी बांध क्षेत्र पहुंच रहे हैं।
इधर, बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए जिला प्रशासन ने नर्मदा नदी के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नर्मदा के घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए नर्मदा घाटों पर पुलिस बल और रेस्क्यू दल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल बरगी बांध से पानी की निकासी जारी है और कैचमेंट एरिया में बारिश पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले समय में बांध में पानी की आवक और जलस्तर के आधार पर गेटों की स्थिति में बदलाव किया जा सकता है।



