Crime ReportsCrime ReportsJabalpurLatest NewsMP

बिहार तक पहुंची जबलपुर पुलिस! बैंक डकैती के सोने का राज खुला, 60 लाख के जेवर और हथियार के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार

बिहार तक पहुंची जबलपुर पुलिस! बैंक डकैती के सोने का राज खुला, 60 लाख के जेवर और हथियार के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर की बहुचर्चित खितौला स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक डकैती मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल पहले हुई सनसनीखेज डकैती में शामिल गिरोह के एक और सदस्य छोटू उर्फ सरमन मेहतो को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 350 ग्राम लूटा हुआ सोना, जिसकी कीमत लगभग ₹60 लाख है, बरामद किया गया है। वहीं मुख्य आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि बैंक डकैती के पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की कार्रवाई लगातार जारी है।

गौरतलब है कि 11 अगस्त 2025 को खितौला थाना क्षेत्र स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर कर्मचारियों को बंधक बनाया और बैंक से 14 किलो 800 ग्राम सोने के आभूषण तथा करीब ₹5 लाख नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।

घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्वयं मामले की निगरानी की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी और उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पहले मुख्य आरोपी सुनील पासवान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि डकैती के बाद उसके हिस्से का सोना उसके साथी छोटू उर्फ सरमन मेहतो की मदद से बेचा गया और बचा हुआ सोना छिपाकर रखा गया था।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच, खितौला थाना पुलिस और एसटीएफ बिहार की संयुक्त टीम ने गया (बिहार) के शेरघाटी क्षेत्र से छोटू उर्फ सरमन मेहतो को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 350 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग ₹60 लाख आंकी गई है। वहीं मुख्य आरोपी सुनील पासवान से वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बैंक डकैती से जुड़े अन्य आरोपियों और लूटे गए शेष सोने की बरामदगी के लिए भी लगातार कार्रवाई जारी है। पूरे गिरोह के आर्थिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।

खितौला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई ने बहुचर्चित बैंक डकैती मामले की एक और महत्वपूर्ण कड़ी को उजागर कर दिया है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही इस पूरे गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button