IndiaJabalpurLatest NewsMPVideo

बैंड-बाजे के साथ ‘कुम्भकर्ण’ को जगाया, कैंट बोर्ड की कार्यशैली पर युवा कांग्रेस का तंज”

सदर में जल संकट पर फूटा गुस्सा, 'कुम्भकर्ण' को जगाकर कैंट बोर्ड को जगाने की कोशिश

जबलपुर। सदर छावनी क्षेत्र में लगातार गहराते जल संकट, खराब साफ-सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर कैंट युवा कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल रजक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने “कुम्भकर्णीय प्रदर्शन” कर छावनी परिषद का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता को पौराणिक पात्र कुम्भकर्ण का रूप देकर प्रतीकात्मक रूप से गहरी नींद में सुलाया गया। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ उसे जगाने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस तरह कुम्भकर्ण गहरी नींद में सोया रहता था, उसी तरह जबलपुर छावनी परिषद भी क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से आंखें मूंदे बैठी है।

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सदर क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। साथ ही साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति भी बदहाल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट और अन्य जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कैंट युवा कांग्रेस आंदोलन को और तेज करते हुए उग्र प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी छावनी परिषद प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button