Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMPVideo

सात फेरे, नई जिंदगी… फिर अचानक गायब हुई दुल्हन! मेकअप का कहकर निकली और फिर नहीं लौटी, सदमे में दूल्हा

सात फेरे, नई जिंदगी... फिर अचानक गायब हुई दुल्हन! मेकअप का कहकर निकली और फिर नहीं लौटी, सदमे में दूल्हा

जबलपुर। शादी के मंडप में साथ जीने-मरने की कसमें खाईं, परिवार ने नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद खुशियां मातम जैसी खामोशी में बदल गईं। जबलपुर जिले के गोसलपुर क्षेत्र में हुई एक शादी अब रहस्यमयी गुमशुदगी का मामला बन गई है। नई-नवेली दुल्हन अचानक लापता हो गई, जबकि दूल्हा आज भी उसकी तलाश में पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगा रहा है।

बरेला निवासी गौतम यादव ने बताया कि 21 तारीख को उसकी बारात गोसलपुर गई थी और 22 तारीख को विधिवत विदाई के बाद वह अपनी पत्नी को घर लेकर आया। इसके बाद परिवार में मौसी के विवाह और बंजारिन माता के दर्शन जैसे कार्यक्रम भी सामान्य रूप से संपन्न हुए। सब कुछ सामान्य लग रहा था और किसी को अनहोनी की आशंका तक नहीं थी।

गौतम के मुताबिक, शादी की यादों को कैमरे में कैद करने के लिए दोनों एक फोटो स्टूडियो पहुंचे। वहीं उसकी पत्नी ने कहा कि वह मेकअप करवाकर कुछ ही देर में लौटती है और उसे वहीं इंतजार करने के लिए कहा। लेकिन कुछ मिनटों का इंतजार घंटों में बदल गया और दुल्हन वापस नहीं लौटी। इसके बाद दूल्हे और परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष सहित हर संभावित जगह पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

हताश होकर पीड़ित ने पहले गोसलपुर और बाद में बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है और युवती की तलाश की जा रही है।

अब इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शादी के तुरंत बाद दुल्हन कहां चली गई? क्या वह अपनी इच्छा से गई या उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई? इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं। वहीं, दूल्हा अपनी पत्नी के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में पुलिस से जल्द कार्रवाई की गुहार लगा रहा है।

Related Articles

Back to top button