Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

रामपुर चौकी प्रभारी महेन्द्र जाटव का बड़ा एक्शन, 318 पाव शराब के साथ आरोपी पीके गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा; सप्लायर अंकित रैकवार की तलाश जारी

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर चौकी पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मांडवा टेंडर-2 क्षेत्र में दबिश देकर 318 पाव देशी शराब के साथ आरोपी सुमित गौंड़ उर्फ पीके, उम्र 20 वर्ष, को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक रामपुर चौकी को रात में विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांडवा टेंडर-2 क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब छिपाकर रखे हुए है और उसे बेचने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी महेन्द्र जाटव ने तत्काल अपनी टीम को रवाना किया। पुलिस ने बताए गए स्थान बिल्डिंग नंबर एल-19/15, टेंडर-2 मांडवा बस्ती की छत पर घेराबंदी करते हुए दबिश दी।

मौके पर पुलिस टीम को मुखबिर के बताए हुलिए का युवक दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सुमित गौंड़ उर्फ पीके के रूप में हुई। तलाशी लेने पर वहां रखी दो बोरियों और एक पिट्ठू बैग से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। गिनती करने पर कुल 318 पाव शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई।

पूछताछ में सामने आया शराब सप्लायर का नाम,
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से अंकित रैकवार के कहने पर शराब बेच रहा था। आरोपी के अनुसार अंकित रैकवार उसे शराब लाकर देता था और शराब की बिक्री करने के एवज में उसे प्रतिदिन 350 रुपये दिए जाते थे।

आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस की जांच अब केवल शराब बेचने वाले तक सीमित नहीं है। पुलिस कथित सप्लायर अंकित रैकवार की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

चौकी प्रभारी और टीम की सक्रियता से मिली सफलता,
इस कार्रवाई में रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव के नेतृत्व में आरक्षक रामकृष्ण शर्मा, आरक्षक रीतेश नेमा और आरक्षक योगेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुखबिर से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपी को शराब के साथ पकड़ लिया।

पुलिस ने सुमित गौंड़ उर्फ पीके के कब्जे से 318 पाव देशी शराब जब्त कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं फरार बताए जा रहे अंकित रैकवार की तलाश जारी है।

रामपुर चौकी पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। अब पुलिस के सामने अगली चुनौती कथित सप्लायर को गिरफ्तार कर यह पता लगाने की है कि शराब की यह खेप आखिर कहां से आई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

Related Articles

Back to top button