राष्ट्रपति दौरे की तैयारी में दिखा प्रशासन का नया अंदाज: कलेक्टर-एसपी समेत अफसर ट्रैवलर से पहुंचे निरीक्षण पर
राष्ट्रपति दौरे की तैयारी में दिखा प्रशासन का नया अंदाज: कलेक्टर-एसपी समेत अफसर ट्रैवलर से पहुंचे निरीक्षण पर

जबलपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रशासन का एक अलग और सराहनीय पहलू देखने को मिला, जहां अधिकारियों ने अपने-अपने सरकारी वाहनों का उपयोग करने के बजाय ट्रैवलर वाहनों से एक साथ पहुंचकर निरीक्षण किया। दो ट्रैवलर वाहनों में कलेक्टर, एसपी, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
समन्वय और सादगी का संदेश
अधिकारियों का एक साथ ट्रैवलर में पहुंचना न केवल सादगी का प्रतीक रहा, बल्कि इससे टीमवर्क और बेहतर समन्वय का भी संदेश गया। इस पहल से यह साफ हुआ कि प्रशासन बड़े आयोजन को लेकर हर स्तर पर तालमेल बनाकर काम कर रहा है।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और आम जनता को भी किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
टीमवर्क से सफल होगा आयोजन
इस संयुक्त निरीक्षण ने यह साबित कर दिया कि प्रशासनिक स्तर पर बेहतर तालमेल और सादगी के साथ काम किया जाए तो बड़े से बड़ा आयोजन भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।



