Crime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

शातिर नकबजनों का नेटवर्क ध्वस्त! गोहलपुर पुलिस ने 3 बड़ी चोरियों का किया खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार, 13 लाख के जेवर बरामद

शातिर नकबजनों का नेटवर्क ध्वस्त! गोहलपुर पुलिस ने 3 बड़ी चोरियों का किया खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार, 13 लाख के जेवर बरामद

जबलपुर में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ गोहलपुर पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए शातिर नकबजनों के नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। एक ही ऑपरेशन में तीन नकबजनी और एक लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार शातिर नकबजन और 5 हजार रुपये के इनामी फरार लूट के आरोपी सहित कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, वारदात में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

यह सफलता पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का परिणाम है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक उदयभान बागरी ने की, जबकि कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ किया।

जांच के दौरान पुलिस ने रीनू जाटव उर्फ राहुल अंडा और गोपी किशन धुर्वे को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने समता कॉलोनी सहित कई सूने मकानों में नकबजनी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रीनू जाटव उर्फ राहुल अंडा के खिलाफ 28 और गोपी किशन धुर्वे के खिलाफ 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

इसके बाद पुलिस ने सूरज चौधरी और शक्ति उर्फ राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर अमखेरा कुदवारी में हुई नकबजनी का खुलासा किया। दोनों की निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपये कीमत के चोरी के जेवर बरामद किए गए।

इसी अभियान में पुलिस ने लूट के मामले में लंबे समय से फरार और 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी संकेत राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक्सिस स्कूटर और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय, उप निरीक्षक अंबुज पांडे, उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक संजय मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरुण दुबे, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद राय, अमित पटेल, जितेंद्र यादव, शील जायसवाल, धर्मेन्द्र सिंह, बालकृष्ण त्रिपाठी, आरक्षक आलोक यादव, गोपाल राय, अभिरंजन सिंह, जयकिशोर, समरेन्द्र, हरेन्द्र, आशीष श्रीवास्तव, सुजीत, चंदन, इन्द्र कुमार, राजीव, संजय और संदीप मेहरा की सराहनीय भूमिका रही।

गोहलपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में चोरी, नकबजनी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button