जबलपुर में दिनदहाड़े सड़क पर चली चाकू! छात्रों के बीच खूनी संघर्ष से दहला क्षेत्र, CCTV में कैद हुई वारदात
दिनदहाड़े सड़क पर चली चाकू! छात्रों के बीच खूनी संघर्ष से दहला क्षेत्र, CCTV में कैद हुई वारदात

जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। शारदा चौक पर बीच सड़क दो स्कूली छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया गया। सरेआम हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल छात्र छायांक यादव और भविष्य नेपियर टाउन स्थित नचिकेता स्कूल के छात्र हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले छायांक यादव का मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इस मामले में उसे स्कूल के ही छात्र हितेश पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हितेश अपने साथियों के साथ शारदा चौक पहुंचा और पहले दोनों छात्रों से विवाद किया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्र घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रों के बयान दर्ज कर प्रकरण कायम किया। पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े बीच सड़क हुई इस चाकूबाजी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसक वारदात से लोगों में भय का माहौल है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।



