जबलपुर में चरगवां पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: 140 लीटर कच्ची शराब जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार; SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
चरगवां पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: 140 लीटर कच्ची शराब जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार; SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई

जबलपुर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चरगवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरोजनी चैकसे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 140 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सरोजनी चैकसे ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हीरापुर नाला के पास दो युवक बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशुल मरकाम (21 वर्ष) और श्रीराम बरकड़े (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम सोमती केनाल के पास एक और कार्रवाई करते हुए अंकित कुमार गौंड (19 वर्ष) निवासी ग्राम मरहापाठा को भी 70 लीटर कच्ची शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस तरह कुल 140 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सरोजनी चैकसे, सहायक उपनिरीक्षक लाल सिंह सेन, आरक्षक बसंत मेहरा, आरक्षक आशुतोष और आरक्षक संदीप कौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशे और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



