IndiaJabalpurLatest NewsMP

संस्कारधानी को आज मिलेगी प्रदेश के सबसे हाईटेक तिलवारा थाने की सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे लोकार्पण

पहली बार किसी मुख्यमंत्री के हाथों होगा थाना भवन का उद्घाटन, कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से मिली भूमि, पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय और टीआई बृजेश मिश्रा की पहल से साकार हुई आधुनिक पुलिसिंग की परिकल्पना

सुनील सेन SET NEWS, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रदेश के सबसे आधुनिक और हाईटेक थाना भवनों में शामिल तिलवारा थाना का लोकार्पण आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह अपने आप में गौरव का विषय है कि संस्कारधानी में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के हाथों किसी थाना भवन का औपचारिक उद्घाटन होने जा रहा है। करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से लगभग एक एकड़ भूमि पर निर्मित यह थाना आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पीछे लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अहम भूमिका रही। प्रारंभिक योजना के अनुसार थाना भवन तिलवारा पुल के उस पार नहर के समीप प्रस्तावित था, लेकिन सुरक्षा, यातायात और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से वर्तमान स्थान के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के समन्वय से आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन का सपना साकार हो सका।

25 साल आगे की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार हुआ थाना-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के अनुसार तिलवारा थाना केवल वर्तमान जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि अगले 25 वर्षों की पुलिसिंग को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। थाना क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और राष्ट्रीय राजमार्ग से इसकी निकटता को देखते हुए इसे अत्याधुनिक स्वरूप दिया गया है। वर्ष 2017 में अस्तित्व में आए इस थाना क्षेत्र में गढ़ा, बरगी और चरगवां थानों के हिस्से जोड़कर 22 गांवों तथा मेडिकल कॉलेज से तिलवारा घाट और चूल्हा गोलाई तक का विस्तृत क्षेत्र शामिल है।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा थाना-
तिलवारा थाना आधुनिक तकनीक और बेहतर कार्य वातावरण का संगम होगा। यहां सेंट्रल सर्वर रूम स्थापित किया गया है, जहां से शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जा सकेगी। दो मंजिला भवन में महिला सहायता कक्ष, गोपनीय काउंसलिंग रूम, महिला एवं पुरुष बैरक, मेस, मीटिंग हॉल, जिम, कैंटीन, खेल मैदान और पुलिसकर्मियों के अध्ययन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। परिसर को हरित स्वरूप देने के लिए पौधरोपण भी किया गया है।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का बनेगा प्रमुख केंद्र-
तिलवारा घाट पर धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित पुलिस कार्रवाई के लिए यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आधुनिक संसाधनों, रणनीतिक स्थान और तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित यह थाना न केवल जबलपुर, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में भविष्य की स्मार्ट पुलिसिंग का नया मॉडल बनकर उभरेगा।

Related Articles

Back to top button