Latest News

स्थायी विच्छेदित मीटरों के बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, एक दिन में 17 लाख से अधिक की वसूली, 25 टीमों की कार्रवाई, 157 प्रकरण निपटाए; 5-6 साल पुराने बकाया भी वसूले, 15 मई तक चलेगा अभियान

स्थायी विच्छेदित मीटरों के बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, एक दिन में 17 लाख से अधिक की वसूली, 25 टीमों की कार्रवाई, 157 प्रकरण निपटाए; 5-6 साल पुराने बकाया भी वसूले, 15 मई तक चलेगा अभियान

जबलपुर। शहर में वर्षों से लंबित बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ शनिवार को बिजली विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। खास बात यह रही कि कार्रवाई उन उपभोक्ताओं पर केंद्रित रही, जिनके कनेक्शन बकाया न चुकाने के कारण वर्षों पहले ही स्थायी रूप से विच्छेदित (पीडी) कर दिए गए थे। इसके बावजूद विभाग को उनसे राशि वसूली में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


नगर वृत्त जबलपुर के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के पांचों संभागों में लगभग 25 टीमों का गठन किया गया। लाइन स्टाफ और आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ मिलकर इन टीमों ने दिनभर सघन कार्रवाई करते हुए 157 प्रकरणों में 17 लाख रुपये से अधिक की वसूली की।

जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं से वसूली की गई, उनमें कई ऐसे मामले थे जिनके मीटर 5 से 6 वर्ष पूर्व ही निकाल लिए गए थे। ऐसे उपभोक्ताओं को यह भ्रम हो गया था कि विभाग अब उनके पुराने बकाया को लेकर सक्रिय नहीं है और खाता बंद होने के बाद उनसे राशि नहीं ली जाएगी।

विभाग ने इस बार तकनीक और फील्ड नेटवर्क का उपयोग करते हुए इन बकायादारों को चिन्हित किया और सीधे संपर्क कर बकाया राशि जमा कराई। अधिकारियों के अनुसार, एक साथ इतने प्रकरणों में वसूली करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सुनियोजित रणनीति से यह संभव हो सका। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को राहत भी दी गई। सभी बकायादारों को शासन की समाधान योजना के अंतर्गत चिन्हित किया गया, जिसके तहत सरचार्ज में भारी छूट प्रदान की गई। इससे उपभोक्ताओं को कम राशि में अपना पुराना बकाया चुकाने का अवसर मिला।

बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान 15 मई तक लगातार जारी रहेगा। विभाग के अनुसार अभी भी लगभग 19 करोड़ रुपये की वसूली लंबित है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि का लाभ उठाकर बकाया जमा करें और सरचार्ज में छूट का फायदा लें।

Related Articles

Back to top button