Latest News
रांझी में अंधी हत्या का पर्दाफाश, जमीनी विवाद में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या,2 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार; वारदात से पहले की गई थी रैकी, बिना नंबर की बाइक जब्त
रांझी में अंधी हत्या का पर्दाफाश, जमीनी विवाद में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या,2 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार; वारदात से पहले की गई थी रैकी, बिना नंबर की बाइक जब्त

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल को हुई सनसनीखेज अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन से जुड़े ठेकेदार क्लीरेंस एटकिंस (39) की हत्या जमीनी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
घटना के अनुसार, क्लीरेंस एटकिंस 23 अप्रैल की सुबह अपने 5 वर्षीय बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे बड़ा पत्थर नरसिंहनगर स्थित अशोक मेडिकल के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर पर गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। एएसपी सिटी आयुष गुप्ता एवं सीएसपी रांझी सतीष साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि रायपुर के पास 15 एकड़ कृषि भूमि को लेकर मृतक और आरोपी बाबा नेल्सन के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बाबा नेल्सन के कहने पर उसके बेटे प्रिंस नेल्सन ने अपने साथियों मोहित ठाकुर, अर्पित कुशवाहा और अरुण रैकवार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत आरोपियों ने पहले रैकी की और फिर पीछा कर शिवशक्ति चौक के पास देशी पिस्टल से गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित ठाकुर (20) और तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बिना नंबर की दो मोटरसाइकिल व दो मोबाइल जब्त किए हैं। मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन सहित तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।



