जबलपुर: गोहलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: सुअरमार बम के साथ युवक गिरफ्तार, शहर में टली बड़ी वारदात
गोहलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: सुअरमार बम के साथ युवक गिरफ्तार, शहर में टली बड़ी वारदात

जबलपुर में एक बार फिर पुलिस की मुस्तैदी और तेज कार्रवाई ने संभावित बड़ी घटना को होने से पहले ही रोक दिया। गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को सुअरमार बम जैसे खतरनाक विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार कर यह साबित कर दिया कि कानून के सामने अपराध की कोई जगह नहीं है।
थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि 40 फीट रोड इलाके में एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास सुअरमार बम हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, मुखबिर के बताए हुलिये का एक युवक हाथ में पॉलीथीन लिए खड़ा मिला। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रिंस उर्फ प्रवीण केवट (20 वर्ष) निवासी सुहागी पेट्रोल पंप के पास, व्हीकल मोड़ अधारताल बताया।
जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास रखी पॉलीथीन के अंदर से 2 सुअरमार बम बरामद हुए। यह बेहद खतरनाक विस्फोटक सामग्री थी, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस ने तुरंत इन बमों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ अधारताल थाना क्षेत्र में अवैध वसूली और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं। इससे साफ है कि वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।



