Latest News

जबलपुर में घर में घुसकर तोड़फोड़, पुराने विवाद में 5-6 युवकों पर आरोप

जबलपुर में घर में घुसकर तोड़फोड़, पुराने विवाद में 5-6 युवकों पर आरोप

जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेम गार्डन झुग्गी-झोपड़ी इलाके में आपसी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित मोहम्मद राशिद शेख ने आरोप लगाया है कि 5-6 युवकों के एक समूह ने उनके घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और हंगामा किया।

पीड़ित के अनुसार, वसीम, अनस, सलमान और सिब्बू सहित अन्य लोग पुराने विवाद के चलते उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। राशिद का कहना है कि आरोपियों के साथ उनका पैसों का लेनदेन रहा है, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

राशिद ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि संबंधित युवक चोरी के मोबाइल खरीदने और बेचने के अवैध कारोबार में लिप्त हैं।

उनका कहना है कि इस गतिविधि का विरोध करने और उनसे दूरी बनाने के कारण आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया।

पीड़ित ने बताया, “यह तीसरी बार है जब ये लोग मेरे घर में घुसकर हमला कर चुके हैं। मैंने पहले भी कई बार थाने में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।”

मामले की शिकायत मिलने के बाद गोहलपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, क्षेत्र में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button