Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

इंसानियत की कीमत खून से चुकाई! खाना देने की बात पर युवक पर जानलेवा हमला, मोबाइल लेकर फरार हुआ बदमाश

संजीवनी नगर थाना क्षेत्र | घायल युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती | पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

सुनील सेन SET NEWS, जबलपुर। जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक युवक ने इंसानियत दिखाते हुए भूखे व्यक्ति को पैसे की जगह अपना टिफिन देने की बात कही, लेकिन इसी बात पर कथित रूप से उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के चेहरे, गले और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी घायल का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार घायल साहिल तामिया (21 वर्ष) मूल रूप से कटनी जिले का रहने वाला है और वर्तमान में धनवंतरी नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर रहकर मोबाइल रिपेयरिंग का काम सीख रहा है। शुक्रवार सुबह वह रानी दुर्गावती स्कूल के पास उतरने के बाद पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह हनुमान मंदिर के सामने रेलवे लाइन पार कर नब्बे क्वार्टर के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उसके पीछे लग गया और खाने के लिए रुपये मांगने लगा।

साहिल ने रुपये देने से मना करते हुए कहा कि उसके टिफिन में खाना रखा है और वह चाहें तो खाना खा सकता है। आरोप है कि यह बात सुनते ही आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान साहिल ने चाकू पकड़ने की कोशिश की, जिससे उसके दोनों हाथ भी घायल हो गए। संघर्ष के दौरान उसका मोबाइल नीचे गिर गया, जिसे आरोपी उठाकर मौके से भाग निकला।

घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां सूचना मिलने पर संजीवनी नगर थाना पुलिस पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) और 119(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button