Latest News

एसपी ऑफिस बना अखाड़ा: सरेआम भिड़ीं दो महिलाएं, हाई-वोल्टेज ड्रामा देखती रह गई भीड़

एसपी ऑफिस बना अखाड़ा: सरेआम भिड़ीं दो महिलाएं, हाई-वोल्टेज ड्रामा देखती रह गई भीड़

जबलपुर से इस वक्त की एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां न्याय की उम्मीद लेकर आने वाला एसपी कार्यालय आज अचानक अखाड़े में तब्दील हो गया। यहां दो महिलाओं के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला सीधे हाथापाई तक पहुंच गया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

आम तौर पर जहां लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचते हैं, वहीं आज यहां का नजारा बिल्कुल अलग था। किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर टूट पड़ीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तीखी नोकझोंक हुई… आवाजें ऊंची हुईं… और फिर बिना किसी चेतावनी के दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। परिसर में मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को हैरानी से देखते रहे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया।

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की मुख्य किरदार पिंकी टंडन और एक निजी चैनल की संवाददाता विद्या रैकवार बताई जा रही हैं। दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन जिस तरह से मामला हिंसक हुआ, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले जाया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जहां लोग न्याय की उम्मीद लेकर आते हैं, वहीं अगर इस तरह की घटनाएं हों तो कानून व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है।

फिलहाल मामला पुलिस के पास है, लेकिन एसपी कार्यालय में हुई इस सरेआम हाथापाई ने पूरे शहर में चर्चा का माहौल बना दिया है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button