घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम की बड़ी कार्रवाई! जुए के फड़ पर दबिश, 7 जुआरी गिरफ्तार, 16 हजार से अधिक की रकम जब्त
घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम की बड़ी कार्रवाई! जुए के फड़ पर दबिश, 7 जुआरी गिरफ्तार, 16 हजार से अधिक की रकम जब्त

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घमापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ओमकला मंदिर के पीछे संचालित हो रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 7 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 16 हजार 100 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध/शहर) जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में घमापुर थाना पुलिस को देर रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओमकला मंदिर के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गुलाब रजक निवासी टेस्टिंग रोड घमापुर, सतीश स्वामी निवासी चांदमारी टेस्टिंग रोड, संतोष सिंह ठाकुर निवासी टेस्टिंग रोड, करण यादव निवासी ओमकला मंदिर के पास घमापुर, हरीश रैकवार निवासी पंचशील स्कूल के पास घमापुर, मिठ्ठू यादव निवासी चांदमारी टेस्टिंग रोड तथा उमेश सराटकर निवासी चांदमारी टेस्टिंग रोड घमापुर बताए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुए के फड़ से 16 हजार 100 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त कर सभी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश गौतम, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र पाल, आरक्षक बबलू तथा आरक्षक सूरज की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



