Latest News

जबलपुर: मदनमहल में अपराध बेलगाम! दिनदहाड़े छात्रा से मोबाइल झपटा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

मदनमहल में अपराध बेलगाम! दिनदहाड़े छात्रा से मोबाइल झपटा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे बन चुके हैं कि अब छात्राएं भी सड़क पर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहीं। ताजा मामला दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी का है, जहां एक छात्रा के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीनकर आसानी से फरार हो गया। घटना ने एक बार फिर मदनमहल थाना पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता रिया जाटव उम्र 20 वर्ष, जो ग्लोबल कॉलेज में बीटेक की छात्रा है, कोचिंग के लिए जा रही थी। जैसे ही वह होम साइंस कॉलेज रोड स्थित दीपा इंटरप्राइजेज के पास पहुंची, शाम करीब 5:10 बजे एक्सिस स्कूटर सवार युवक ने उसके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल झपट लिया और फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि छात्रा कुछ समझ ही नहीं पाई।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह घटना शहर के व्यस्त इलाके और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास हुई, जहां रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर मदनमहल थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था कहां है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि मदनमहल क्षेत्र में झपटमारी, चोरी और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता जमीन पर नजर नहीं आती। लोगों का आरोप है कि अपराध होने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली जाती है, लेकिन अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते।

छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि केवल जांच का भरोसा काफी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संदिग्ध वाहनों और बदमाशों पर निगरानी रखी जाए ताकि आम लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।

अब देखना होगा कि मदनमहल थाना पुलिस इस मामले में आरोपी तक पहुंच पाती है या फिर यह घटना भी बढ़ते अपराधों की लंबी फेहरिस्त में सिर्फ एक और मामला बनकर रह जाएगी।

Related Articles

Back to top button