Latest News

जबलपुर में ढाबे पर दबंगों का कब्जा! शराब दुकान के लिए की तोड़फोड़, किरायेदार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

ढाबे पर दबंगों का कब्जा! शराब दुकान के लिए की तोड़फोड़, किरायेदार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जबलपुर में एक बार फिर दबंगई और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धन्वंतरी नगर निवासी विपिन तन्तवाय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं कि भेड़ाघाट क्षेत्र में किराये पर संचालित उनका “न्यू फौजी ढाबा” जबरन कब्जा कर लिया गया है।

पीड़ित विपिन तन्तवाय के अनुसार, उन्होंने उक्त ढाबा 11 माह के वैध किरायानामे पर लिया था और वहां व्यवस्थित रूप से अपना व्यवसाय संचालित कर रहे थे। लेकिन 20 अप्रैल की रात अचानक मकान मालिक आशीष शुक्ला अपने कुछ साथियों और कथित रूप से शराब कंपनी से जुड़े लोगों के साथ ढाबे पर पहुंच गया।

आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या कानूनी प्रक्रिया के आरोपियों ने ढाबे में घुसकर कब्जा कर लिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की। ढाबे में रखे फर्नीचर, बर्तन और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया, वहीं ग्राहकों के लिए तैयार किया गया भोजन भी फेंक दिया गया। इस पूरी घटना में विपिन को करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

इतना ही नहीं, पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि ढाबे में रखे करीब 12 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए हैं। इस घटना के चलते ढाबे में काम करने वाले करीब पांच कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है, जिससे उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

विपिन तन्तवाय का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद डायल 112 और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आहत होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस पूरे मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करती है, और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।

Related Articles

Back to top button