Latest News

जबलपुर में मनचले की हरकतों से तंग जनता का फूटा गुस्सा, बच्चियों का पीछा करने वाला युवक दबोचा गया

मनचले की हरकतों से तंग जनता का फूटा गुस्सा, बच्चियों का पीछा करने वाला युवक दबोचा गया

जबलपुर के प्रगति नगर कॉलोनी से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां स्कूली बच्चियों का पीछा कर उन्हें परेशान करने वाले एक युवक को आखिरकार स्थानीय रहवासियों ने पकड़ लिया। आरोपी की पहचान समीर भूमिया के रूप में हुई है, जो पिछले करीब डेढ़ महीने से कॉलोनी की बच्चियों को लगातार परेशान कर रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से कॉलोनी में डर और आक्रोश का माहौल था। परिजन लगातार चिंता में थे और कई बार इस मामले को लेकर आपत्ति भी जताई गई थी। लेकिन जब हालात नहीं सुधरे, तो रहवासियों ने खुद ही निगरानी शुरू कर दी।

मंगलवार को एकता मार्केट के पास लोगों ने घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। जैसे ही आरोपी पकड़ा गया, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और गुस्से का इजहार किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आरोपी को गौर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर फिर से चिंता और आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि अगर पहले ही सख्ती होती तो मामला यहां तक नहीं पहुंचता।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button