Crime ReportsIndiaJabalpurLatest News

जबलपुर में हाईटेंशन लाइन बनी आग का कारण! तीन गैराज धू-धूकर जले, लाखों का सामान खाक—बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

 

जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित गाजी मियां मैदान में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर नीचे गिर गई। बिजली के तार टूटते ही निकली चिंगारी ने देखते ही देखते तीन गैराज को आग की चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग इतनी भड़क गई कि गैराज में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने के बाद आग तेजी से फैलने लगी। गैराज में मौजूद सामान आग की चपेट में आता चला गया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए। रविवार होने के कारण मैदान में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम थी। यही वजह रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि होने से बच गई। हालांकि, तीन गैराज में हुए नुकसान ने संचालकों की मेहनत और रोजी-रोटी पर बड़ा असर डाला है।

घटना के बाद गैराज संचालकों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। महफूज डेंटल और सुल्तान पेंटर ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि बिजली लाइन टूटने से उनका भारी नुकसान हुआ है। संचालकों का सवाल है कि यदि समय रहते बिजली लाइन की स्थिति पर ध्यान दिया गया होता, तो शायद इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है,

इस घटना ने बिजली विभाग की व्यवस्था और हाईटेंशन लाइनों के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिजली की हाईटेंशन लाइन कैसे टूटी? क्या पहले भी इस लाइन को लेकर कोई शिकायत की गई थी? क्या समय रहते मरम्मत की जाती तो तीन गैराज आग की भेंट चढ़ने से बच सकते थे? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन लोगों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया, उनके नुकसान की भरपाई कौन करेगा? क्या बिजली विभाग जिम्मेदारी लेते हुए पीड़ितों को मुआवजा देगा, या फिर हर बार की तरह मामला जांच और आश्वासन तक ही सीमित रह जाएगा? अब स्थानीय लोगों और पीड़ित गैराज संचालकों की नजर जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।

Related Articles