जबलपुर में 24 घंटे में छह असामयिक मौतों से मचा हड़कंप, अलग-अलग हादसों में गई 6 लोगों की जान
24 घंटे में छह असामयिक मौतों से मचा हड़कंप, अलग-अलग हादसों में गई 6 लोगों की जान

जबलपुर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह असामयिक मौतों के मामले सामने आए हैं। फांसी, डूबने, सर्पदंश, जहरीले जीव के काटने, सड़क हादसे और नाले में गिरने जैसी घटनाओं ने छह परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कुंडम थाना अंतर्गत ग्राम तिलसानी में 20 वर्षीय शंकर सिंह परस्ते का शव गांव के बाहर बालाजी प्लांट के पीछे सागौन के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। मृतक के पिता मानसिंह परस्ते की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के दरोगाघाट में 17 वर्षीय आयुष ठाकुर, निवासी गंगा नव निवेश कॉलोनी गढ़ा, की पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजन पलक सिंह ठाकुर और विशाल ठाकुर उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रांझी थाना क्षेत्र में 33 वर्षीय प्रवीण उर्फ पम्मी केवट, निवासी दौलत किराना के पीछे मड़ई, का शव व्हीकल स्टेट के सूखे नाले में मिला। मृतक की मां सरोज केवट ने बताया कि प्रवीण लंबे समय से शराब पीने का आदी था। प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में नाले में गिरने की आशंका जताई गई है।
बरेला थाना की गौर चौकी अंतर्गत ग्राम बारहा निवासी 46 वर्षीय पंजी बर्मन की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना उनके रिश्तेदार राजा बर्मन ने पुलिस को दी।
भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के भड़पुरा गांव की 65 वर्षीय मुन्नी बाई पटेल की जहरीले जीव के काटने के बाद उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। उनके पुत्र शंकर पटेल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
गोसलपुर थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय सोनेलाल कोल, निवासी नरगवां पनागर, सड़क निर्माण स्थल के पास बने गहरे गड्ढे में अपनी मोटरसाइकिल सहित मृत मिले। मृतक के पिता गुड्डा कोल ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सड़क दुर्घटना के बाद गड्ढे में गिरने से मौत की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने सभी छह मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।



