जबलपुर: AK-47 किंग’ का निकला जुलूस, गढ़ा पुलिस ने दिखाया कानून का दम जेल से छूटते ही शुरू की गुंडागर्दी, गढ़ा पुलिस ने उतारी बदमाशी की हेकड़ी
गढ़ा का 'AK-47 किंग' गढ़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार, फायरिंग करने वाले बदमाश करण विश्वकर्मा का निकला जुलूस

जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करने वाले कुख्यात बदमाश करण विश्वकर्मा को गढ़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम रीक्रिएट कराया और क्षेत्रीय लोगों को यह संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों के लिए जबलपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार आरोपी करण विश्वकर्मा ने हाल ही में क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने आरोपी को उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को क्षेत्र में लेकर जाया गया तो लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आरोपी के हाथ पर बड़े अक्षरों में “KARAN KING AK-47” लिखा हुआ दिखाई दिया, जो क्षेत्र में उसके आपराधिक और दबंग छवि बनाने की कोशिश को दर्शाता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी खुद को इलाके का बड़ा बदमाश साबित करने का प्रयास करता था और लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था।
बताया जा रहा है कि करण विश्वकर्मा कुछ दिन पहले ही रायपुर जेल से रिहा होकर आया था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होकर क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश की, लेकिन गढ़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्राइम रीक्रिएशन के दौरान गढ़ा पुलिस जिंदाबाद के नारे भी सुनाई दिए। पुलिस ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इलाके में दहशत फैलाने, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
गढ़ा CSP आशीष जैन का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गढ़ा क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश करण विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर जेल से छूटने के कुछ ही दिन बाद आरोपी फिर अपराध की राह पर लौट आया था। गढ़ा पुलिस ने आरोपी को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार कर क्षेत्र में जुलूस निकाला और घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम रीक्रिएट कराया। पुलिस का साफ संदेश है—अपराध करने वालों की अब खैर नहीं।”



