Latest News

24 घंटे में उजड़ गए 6 परिवार, अलग-अलग हादसों में हुई अकाल मौतें

जबलपुर में मौत का काला दिन, 24 घंटे में 6 लोगों की अकाल मौत से दहला जिला

जबलपुर में बीते 24 घंटे मौत का काला दिन साबित हुए। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फांसी, करंट, सड़क हादसे, जहरीले पदार्थ और खेत में हुए दर्दनाक हादसों में 6 लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं के बाद कई परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।

माढ़ोताल थाना क्षेत्र के शारदानगर में 35 वर्षीय मनीष कोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं वृंदावन कॉलोनी में 24 वर्षीय शिवांश पटैल का शव पंखे से लटका मिला। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम वीरूआ में 70 वर्षीय विश्वनाथ प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों को उनके बिस्तर के पास सल्फास की गोलियां मिलीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

बरगी थाना क्षेत्र के खापाहार गांव में एक दर्दनाक हादसे में किशोर हर्ष नामदेव की जान चली गई। खेत में काम के दौरान वह रोटावेटर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पाटन थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट में मकान निर्माण के दौरान 20 वर्षीय संजय लोधी करंट की चपेट में आ गया। बिजली तार से संपर्क होने पर उसे जोरदार झटका लगा और वह छत से नीचे गिर पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं मझोली थाना क्षेत्र के कटंगी-पोला रोड पर हुए सड़क हादसे में 56 वर्षीय ज्ञान सिंह ठाकुर की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

एक ही दिन में हुई इन छह मौतों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button