तीन तलाक की अफवाह ने तोड़ने की कोशिश की रिश्तों की डोर, गढ़ा पुलिस ने सच सामने लाकर बचाया तस्लीम और मोहम्मद शहनवाज का परिवार
टूटते रिश्ते की बनी मजबूत कड़ी... गढ़ा पुलिस ने इंसानियत, समझाइश और भरोसे से फिर बसा दिया परिवार

जबलपुर। एक अफवाह और अधूरी जानकारी ने पति-पत्नी के रिश्ते को टूटने की कगार पर पहुंचा दिया, लेकिन गढ़ा पुलिस की सूझबूझ, निष्पक्ष जांच और संवेदनशील पहल ने आखिरकार एक परिवार को बिखरने से बचा लिया। यह मामला इस बात का उदाहरण है कि किसी भी घटना की सच्चाई जाने बिना अफवाह फैलाना या तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकता है।
गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी तस्लीम ने अपने पति मोहम्मद शहनवाज के खिलाफ घरेलू विवाद, मारपीट और दूसरी शादी करने की आशंका को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में गढ़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और दोनों पक्षों को बुलाकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि थाने में दिए गए आवेदन में तस्लीम ने तीन तलाक दिए जाने की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। थाना प्रभारी के अनुसार, बाद में अन्य लोगों के बहकावे में आकर मीडिया के सामने तीन तलाक की बात सामने आ गई, जिससे पूरे मामले ने अलग रूप ले लिया और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
गढ़ा पुलिस ने बिना किसी पूर्वाग्रह के दोनों पक्षों की बातें सुनीं। थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा और उनकी टीम ने तस्लीम तथा मोहम्मद शहनवाज को समझाया कि अफवाह और गलत सलाह किसी भी परिवार को बर्बाद कर सकती है। पुलिस ने दोनों को आपसी विश्वास, परिवार की जिम्मेदारी और बच्चों के भविष्य का महत्व समझाया।
लंबी काउंसलिंग और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों के बीच समझौता हुआ और तस्लीम अपने पति मोहम्मद शहनवाज के साथ दोबारा घर लौट गईं।
गढ़ा पुलिस की यह पहल यह संदेश देती है कि पुलिस केवल अपराधियों पर कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में शांति, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों को बचाने की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है। वहीं यह मामला उन लोगों के लिए भी सीख है, जो बिना पूरी जानकारी के अफवाह फैलाकर या भ्रामक बातें कहकर विवादों को और बढ़ा देते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मामले में अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही अफवाहों को आगे बढ़ाएं। किसी भी विवाद में सच्चाई सामने आने तक धैर्य रखें और कानून पर विश्वास बनाए रखें। कई बार एक झूठी या अधूरी बात किसी परिवार को बिखेर सकती है, जबकि समय पर संवाद और सही जानकारी उसे बचा भी सकती है।



