थाना प्रभारी निलेश दोहरे का बड़ा एक्शन! नर्मदा किनारे अवैध शराब के ठिकाने पर दबिश, 17 क्विंटल लाहन नष्ट

जबलपुर। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निलेश दोहरे के नेतृत्व में बरगी पुलिस ने खिरहनी घाट नर्मदा नदी किनारे जंगल में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने झाड़ियों में छिपाकर रखा गया करीब 17 क्विंटल कच्चा लाहन बरामद किया और मौके पर ही नियमानुसार उसका नष्टीकरण किया।
एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जंगल में पहुंची पुलिस,
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी और सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश दोहरे ने पुलिस टीम के साथ खिरहनी घाट क्षेत्र में दबिश दी।
180 डिब्बों और 8 ड्रमों में छिपाकर रखा था लाहन,
थाना प्रभारी निलेश दोहरे ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तलाशी के दौरान नर्मदा नदी किनारे झाड़ियों में करीब 15 लीटर क्षमता वाले 180 डिब्बे और 8 ड्रम मिले, जिनमें बड़ी मात्रा में लाहन भरा हुआ था। कुल करीब 17 क्विंटल कच्चा लाहन बरामद किया गया। स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में पुलिस ने पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
मौके से आरोपी नहीं मिला, तलाश जारी,
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में इतनी बड़ी मात्रा में लाहन किसने छिपाकर रखा था। अवैध शराब निर्माण से जुड़े लोगों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी निलेश दोहरे की टीम ने संभाला मोर्चा,
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश दोहरे के साथ उनि अनिल कुमार, उनि आलोक सिंह, प्रआर. विजय पटेल, प्रआर. उदय प्रताप सिंह, प्रआर. प्रभुदयाल डेहरिया, प्रआर. कमलेश कुमार यादव, प्रआर. पन्नालाल, वरिष्ठ आरक्षक मिथिलेश जायसवाल, आरक्षक मुकेश गुप्ता और महिला आरक्षक शैलबाला डेहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं थाना भेड़ाघाट से सउनि तेजराम, प्रआर. रामप्रकाश, आरक्षक बालमुकुंद, आरक्षक सौरभ और चालक महेश तथा थाना चरगवां से सउनि राम सिंह जाटस, महिला प्रआर. मालती झारिया, प्रआर. दिनेश भलावी, महिला आरक्षक शिवानी तोमर और आरक्षक महेश भी कार्रवाई में शामिल रहे।
जंगलों में अवैध शराब के खिलाफ निगरानी तेज,
थाना प्रभारी निलेश दोहरे ने बताया कि खिरहनी घाट और आसपास के जंगल क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों पर पुलिस की लगातार नजर है। संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर दबिश और चेकिंग की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
बरगी पुलिस की इस कार्रवाई में तैयार शराब की जगह करीब 17 क्विंटल कच्चा लाहन नष्ट किया गया है, जिससे अवैध शराब निर्माण की संभावित गतिविधि पर प्रभावी रोक लगी है।



