Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर यातायात पुलिस का शिकंजा! 46 स्कूल वैन जब्त, संचालकों में मचा हड़कंप

जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस जबलपुर ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। निजी नंबर पर वाहनों का व्यावसायिक संचालन कर स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वैन संचालकों और मालिकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 46 स्कूल वैन जब्त की गईं। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को RTO परिसर में खड़ा कराकर परिवहन विभाग के सुपुर्द किया गया है।

डेडलाइन के बाद भी नियमों की अनदेखी,
यातायात पुलिस के मुताबिक, स्कूल वैन संचालकों को पहले ही सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन करने और वाहनों के जरूरी दस्तावेज पूरे कराने के लिए समय-सीमा दी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और अनियमित तरीके से संचालित हो रही वैनों पर कार्रवाई की।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं,
स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों में नियमों और दस्तावेजों की अनदेखी सीधे उनकी सुरक्षा से जुड़ा मामला है। ऐसे में यातायात पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और बच्चों के परिवहन को सुरक्षित बनाना है। कार्रवाई के बाद जब्त वैनों को आगे की कार्रवाई के लिए RTO के सुपुर्द किया गया है।

अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान,
विशेष अभियान एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी, डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला, डीएसपी यातायात बैजनाथ प्रजापति, निरीक्षक अश्विनी सिंह, निरीक्षक मनीष प्यासी और निरीक्षक रोहित तिवारी की उपस्थिति में चलाया गया। मालवीय चौक, गढ़ा और घमापुर यातायात थानों की टीमों ने शहर में सघन चेकिंग करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की।

यातायात पुलिस का साफ संदेश,
इस कार्रवाई से यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में नियमों की अनदेखी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्कूल बस और वैन संचालकों से अपने वाहनों के दस्तावेज पूरे कराने और निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार ही संचालन करने की अपील की है। यातायात पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Related Articles