बरगी बांध में बढ़ा पानी का दबाव! 13 गेट खुले, 3,988 क्यूमेक पानी छोड़ा—नर्मदा घाटों पर 8-10 फीट बढ़ेगा जलस्तर
बरगी बांध में बढ़ा पानी का दबाव! 13 गेट खुले, 3,988 क्यूमेक पानी छोड़ा—नर्मदा घाटों पर 8-10 फीट बढ़ेगा जलस्तर

जबलपुर। लगातार हो रही बारिश और बांध के जलग्रहण क्षेत्र से बढ़ रही पानी की आवक के बीच बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार 20 अगस्त को दोपहर 12 बजे बांध के चार और गेट खोल दिए गए। इसके साथ ही अब कुल 13 गेटों से 3,988 क्यूमेक पानी नर्मदा में छोड़ा जा रहा है।
9 गेट से 13 गेट हुए, बढ़ाई गई पानी की निकासी,
दोपहर 12 बजे से पहले बरगी बांध के 9 गेट औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खुले थे और इनसे करीब 1,031 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था। लेकिन जलग्रहण क्षेत्र में लगातार पानी की आवक को देखते हुए चार और गेट खोलने का निर्णय लिया गया।
अब बांध के सभी 13 खुले जलद्वार औसतन 2.15 मीटर तक खोल दिए गए हैं। इसके बाद पानी की निकासी बढ़ाकर 3,988 क्यूमेक कर दी गई है।
नर्मदा घाटों पर बढ़ेगा 8 से 10 फीट पानी,
बरगी बांध से पानी की निकासी बढ़ने का सीधा असर नर्मदा के निचले क्षेत्रों पर पड़ेगा। परियोजना प्रशासन के अनुसार निचले क्षेत्र में स्थित मां नर्मदा के घाटों पर जलस्तर 8 से 10 फीट तक बढ़ सकता है।
ऐसे में घाटों पर स्नान, पूजा या अन्य गतिविधियों के लिए पहुंचने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। परियोजना प्रशासन ने आम लोगों से नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
5,185 क्यूमेक पानी की आवक, पूर्ण जलभराव स्तर के करीब बांध,
गुरुवार 20 अगस्त की शाम 4 बजे की स्थिति में बांध के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण 5,185 क्यूमेक पानी की आवक दर्ज की गई। इस दौरान बांध का जलस्तर 421.40 मीटर मापा गया।
वहीं बरगी बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 मीटर है। लगातार पानी की आवक को देखते हुए परियोजना प्रशासन द्वारा बांध के जलस्तर और पानी की आवक-निकासी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल 13 गेटों से 3,988 क्यूमेक पानी की निकासी की जा रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और घाटों पर जाने वाले नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



