Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

मझौली वेयरहाउस घोटाले में बड़ा एक्शन, फरार आरोपी अमन पाण्डेय गिरफ्तार

5,168 क्विंटल गेहूं की हेराफेरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई

जबलपुर। मझौली के मां अन्नपूर्णा वेयरहाउस में गेहूं हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमन पाण्डेय को मझौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में फरार आरोपियों की तलाश को लेकर चल रही कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है।

₹1.35 करोड़ के गेहूं की हेराफेरी का मामला
पुलिस के मुताबिक, पिपरिया स्थित मां अन्नपूर्णा वेयरहाउस क्रमांक-102 में गेहूं उपार्जन के दौरान 5,168.70 क्विंटल गेहूं की कथित हेराफेरी और धोखाधड़ी सामने आई थी। इस गेहूं की कीमत करीब ₹1 करोड़ 35 लाख 67 हजार 837 रुपये बताई गई है। मामले में कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी की शिकायत पर मझौली थाना अपराध क्रमांक 265/26 दर्ज किया गया था।

लंबे समय से फरार था अमन पाण्डेय
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी अमन पाण्डेय, उम्र 32 वर्ष, निवासी बुधुआ थाना मझगवां, हाल प्रज्ञा विहार कॉलोनी खितौला, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
इसी दौरान मझौली थाना प्रभारी निरीक्षक पूर्वा चौरसिया को आरोपी के क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक आरोपी कहीं भागने की फिराक में था, लेकिन टीम की मुस्तैदी के चलते उसे पकड़ लिया गया।

TI पूर्वा चौरसिया की टीम की अहम भूमिका
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में TI पूर्वा चौरसिया के नेतृत्व में उनि. एनएल रजक, प्रधान आरक्षक रामजी पाण्डेय, आरक्षक रोहित जैन, सुनील कौशल, हेमंत शर्मा, सतेन्द्र, शुभम, महिला आरक्षक प्रतिमा शर्मा और आरक्षक देवराज की भूमिका रही।

न्यायालय से जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और आवश्यक जब्ती कार्रवाई के बाद उसे जेएमएफसी न्यायालय सिहोरा के समक्ष पेश किया। न्यायालय से न्यायिक हिरासत का वारंट मिलने के बाद अमन पाण्डेय को जेल भेज दिया गया। मामले में धारा 316(2), 316(5), 318(2) और 3(5) BNS के तहत जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles