Latest News

शराब के लिए रुपए नहीं मिले तो चली चाकू और तलवार, जबलपुर में गुंडों का आतंक… पुलिस ने खोला मोर्चा

शराब के लिए रुपए नहीं मिले तो चली चाकू और तलवार, जबलपुर में गुंडों का आतंक... पुलिस ने खोला मोर्चा

जबलपुर। शहर में शराब के लिए रुपए मांगकर लोगों से मारपीट और चाकूबाजी करने वाले बदमाशों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार वारदातों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शराब के नशे में कानून हाथ में लेने वालों के लिए अब पुलिस का डंडा तैयार है। सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पहला मामला कैंट थाना क्षेत्र का है, जहां अनुराग रजक अपने दोस्त सिद्धांत खरे के साथ मौजूद था। आरोप है कि शिवम ठाकुर ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर दोनों को ट्रैफिक जाम होटल के पास बुलाया और शराब पीने के लिए रुपए मांगे। जब रुपए देने से इनकार किया गया तो गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

दूसरा मामला अधारताल थाना क्षेत्र का है। यहां 12वीं के छात्र विनायक पटेल और उसके दोस्तों से गुल्लू उपाध्याय एवं सक्षम दुबे ने शराब पीने के लिए 700 रुपए मांगे। मना करने पर दोनों ने मारपीट शुरू कर दी और चाकू से हमला कर छात्र की जांघ में गंभीर चोट पहुंचा दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।

तीसरी वारदात रांझी थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां मकान विवाद को लेकर शिवा सोनकर ने हरिशंकर शाह से 50 हजार रुपए की अवैध मांग की। विरोध करने पर अपने साथियों के साथ डंडे और तलवार लेकर हमला कर दिया। इस हमले में हरिशंकर शाह और उनके भाई उमाशंकर शाह घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।

वहीं शहपुरा थाना क्षेत्र में रामदयाल बर्मन पर पुरानी रंजिश के चलते बल्लू यादव और उसके बेटे ने राइजर पाइप से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

जबलपुर पुलिस ने चारों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चाकूबाजी, अवैध वसूली, शराब के नाम पर गुंडागर्दी और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button