जबलपुर: पूर्व विधायक विनय के बाद अब,कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया बने भाजपा के सदस्य,भाजपा पर फर्जी सदस्यता अभियान का आरोप

SET NEWS, जबलपुर। उत्तर मध्य विधानसभा से विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनय सक्सेना के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केबिनेट मंत्री और वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया के निजी मोबाइल पर भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बनने की शुभकामना का एक संदेश आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह जानकारी खुद घनघोरिया ने साझा की और उस मैसेज को सार्वजनिक किया, जिसमें उन्हें भाजपा के सदस्य बनने की बधाई दी गई थी। इस घटनाक्रम ने भाजपा के भीतर सदस्यता अभियान को लेकर नए विवादों को जन्म दिया है।
दरअसल, भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा था, जिसमें जमीनी नेताओं को अधिक से अधिक सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया था। अब आरोप लग रहे हैं कि कुछ भाजपा नेताओं ने टेलीमार्केटिंग कंपनियों का सहारा लेकर बल्क में सदस्यता बना दी। इस प्रक्रिया में न तो नए सदस्य को पता था कि वह सदस्य बन रहा है, और न ही जिनके नाम से सदस्यता ली जा रही थी, उन्हें इसकी जानकारी थी। ये नाम और मोबाइल नंबर एक्सेल शीट्स में भरकर पार्टी को भेज दिए गए थे। इसके साथ ही, टेलीमार्केटिंग कंपनियों को यह ठेका दिया गया था कि वे बल्क कॉलिंग कर लोगों से ओटीपी लेकर उन्हें भाजपा का सदस्य बना दें।
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने ट्वीट कर भाजपा के कुछ नेताओं पर संगठन में नजर में आने के लिये गलत तरीके से सदस्य बनाने का आरोप लगाया। लेकिन यह विवाद तब और बढ़ गया, जब कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने लाइव आकर दिखाया कि उन्हें भी सदस्य बनने और शुभकामना का एक संदेश आया है। इसके बाद राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा और चुटकुलेबाजी का दौर शुरू हो गया।
विधायक घनघोरिया ने उठाए सवाल-
विधायक लखन घनघोरिया ने भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह एक प्रत्यक्ष उदाहरण है कि भाजपा के सदस्यता अभियान में कितनी गड़बड़ी है। उन्होंने कहा कि यह साबित हो गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने फर्जी आंकड़े पेश किए हैं। घनघोरिया ने स्पष्ट कहा कि यह फर्जी सदस्यता अभियान था, और अब यह जनता के सामने आ चुका है।
विश्नोई की सख्ती और फिर नर्मी-
भा.ज.पा. विधायक अजय विश्नोई ने एक्स (पूर्व में एक्स हैंडिल ) पर लिखा कि अगर भाजपा का सदस्य बनवाना है तो इसके लिए पैसा खर्च करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास एक एजेंसी का फोन आया था, जो उनके अकाउंट से भाजपा के सदस्य बनाने का ठेका मांग रही थी। विश्नोई ने आरोप लगाया कि इस तरह के एजेंसीज का सहारा लेकर कुछ नेता अपनी सदस्यता संख्या बढ़ाकर पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रेंड ने उन्हें हैरान कर दिया है, और यह भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के लिए दुखद है, क्योंकि वे मेहनत से पार्टी को मजबूत करने में लगे रहते हैं, जबकि कुछ लोग पैसे खर्च कर अपनी सदस्यता बढ़ा रहे हैं।
हालांकि, इस विवाद के बाद अजय विश्नोई ने एक वीडियो जारी कर भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही पार्टी के एक करोड़ से ज्यादा सदस्य बने हैं। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा और यह कहा कि उनके योगदान से भाजपा मजबूत हुई है।
क्या होगा भाजपा का रूख-
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा में सवालों और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और क्या उच्च नेतृत्व इस विवाद को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति अपनाता है।
सुनील सेन सेट न्यूज जबलपुर,