जबलपुर: पुलिस कप्तान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया शुभारंभ,हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर शुरू हुआ जागरूकता अभियान

जबलपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस एक सप्ताह चलने वाले अभियान का शुभारंभ गुरुवार को पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से किया। अभियान की शुरुआत एएसपी सिटी आयुष गुप्ता, एएसपी यातायात अंजना तिवारी, एएसपी क्राइम जितेन्द्र सिंह और सामाजिक संस्था जबलपुर ऐस राउंड टेबल 365 के सदस्यों की मौजूदगी में की गई।
2273 सड़क हादसे, 211 ने गंवाई जान-
कप्तान उपाध्याय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मौत का सबसे बड़ा कारण हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना है। वर्ष 2025 के जनवरी से अगस्त तक जिले में 2273 सड़क हादसे दर्ज हुए, जिनमें हेलमेट न पहनने के कारण 211 लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मकसद लोगों को जागरूक करना और सड़क सुरक्षा को आदत में शामिल करना है।
सामाजिक संस्थाओं की पहल-
एएसपी यातायात तिवारी ने बताया कि यह अभियान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और कंपनियों की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी गतिविधियों के तहत चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर और पंपलेट्स के जरिए अधिक से अधिक लोगों को सीट बेल्ट और हेलमेट के महत्व को समझाया जाएगा।
यह रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में ऐस राउंड टेबल 365 के चेयरमैन आनंद शामदासानी, वाइस चेयरमैन साहिल खनिजो, आईपीसी मनमीत सिंह छाबड़ा, सचिव अनिरुद्ध दुबे, कोषाध्यक्ष विख्यात सबलोक, मानद टेबलर अभिनव जैन, प्रणय मधवानी, विशेष जग्गी सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे। वहीं यातायात पुलिस बल, डीएसपी संतोष कुमार शुक्ला, बैजनाथ प्रजापति व अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी इस अवसर पर शामिल हुए।