Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

अवैध शराब तस्करी पर बरगी पुलिस का बड़ा प्रहार! 15 लाख की स्कॉर्पियो समेत 4 लाख की शराब जब्त

जबलपुर। अवैध शराब के परिवहन और कारोबार के खिलाफ बरगी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीछा कर स्कॉर्पियो को पकड़ा और वाहन से 359 बोतल एवं 48 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की कीमत करीब 4 लाख 1 हजार 560 रुपये है, जबकि शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर एक्शन में आई बरगी पुलिस,
पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान थाना प्रभारी नीलेश दोहरे को सूचना मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर जबलपुर की तरफ परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस टीम ने ग्राम निगरी कैनाल के पास चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की,
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक आशुतोष शिवहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी बेलखाडू, ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तक तोड़ दिया।

पीछा कर आरोपी को दबोचा, स्कॉर्पियो जब्त,
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे की टीम ने आरोपी का पीछा जारी रखा। दून स्कूल के सामने भारत बेंज के पास कच्ची सड़क पर स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद बरगी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आशुतोष शिवहरे को पकड़ लिया और स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया।

चार लाख रुपये से ज्यादा की शराब बरामद,
वाहन की तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की 359 बोतल और 48 पाव अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस के अनुसार शराब की कीमत करीब 4 लाख 1 हजार 560 रुपये है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 15 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट में कार्रवाई,
बरगी थाना पुलिस ने आरोपी आशुतोष शिवहरे के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

नीलेश दोहरे और टीम की सक्रियता से तस्करी की कोशिश नाकाम,
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक असवंत सिंह, प्रधान आरक्षक विजय पटेल, होमन लाल, आरक्षक मिथलेश और सुधीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सूचना मिलते ही तत्काल घेराबंदी, आरोपी का पीछा और फिर उसे पकड़कर शराब व वाहन जब्त करने की कार्रवाई ने अवैध शराब के परिवहन की कोशिश को नाकाम कर दिया।

बरगी पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त पुलिसिंग का संदेश देती है।

Related Articles

Back to top button