भाटिया गांव में अवैध शराब पर मझौली पुलिस का शिकंजा, 150 लीटर शराब जब्त

जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 150 लीटर शराब बरामद की है। कार्रवाई भाटिया गांव में राजा कुचबड़िया की झोपड़ी में की गई, जहां अवैध शराब रखे होने की सूचना पर मझौली थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी।
थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से करीब 150 लीटर शराब बरामद की है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक राजा कुचबड़िया की झोपड़ी से बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।



