Latest News

कुख्यात बदमाश की दहशत पर गढ़ा पुलिस का प्रहार, फायरिंग के कुछ ही घंटों में आरोपी प्रेमिका समेत गिरफ्तार

दहशत फैलाकर भागा था बदमाश, गढ़ा पुलिस ने पीछा कर प्रेमिका समेत गिरफ्तार, गढ़ा पुलिस की सख्ती के आगे नहीं चली बदमाश की चाल, फायरिंग कांड का कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

जबलपुर। शहर में अपराध कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले कुख्यात बदमाश करन विश्वकर्मा की दबंगई इस बार ज्यादा देर नहीं चल सकी। गढ़ा थाना क्षेत्र में पिस्टल से फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को गढ़ा पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर उसकी प्रेमिका सोनाली बर्मन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक गंभीर अपराध का खुलासा किया, बल्कि अपराधियों को यह संदेश भी दे दिया कि कानून से बच पाना आसान नहीं है।

बताया जा रहा है कि 8 जून को सूपाताल निवासी अंकित लखेरा ने गढ़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करन विश्वकर्मा और उसकी साथी सोनाली बर्मन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पिस्टल निकाली और जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। अपनी जान बचाने के लिए भागते समय फरियादी दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन गढ़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मोर्चा संभाल लिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीएसपी गढ़ा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फायरिंग जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी 24 घंटे भी पुलिस से नहीं बच सका। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने करन विश्वकर्मा और उसकी साथी सोनाली बर्मन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करन विश्वकर्मा पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ गढ़ा थाने में कई अपराध दर्ज हैं और वह क्षेत्र का चिन्हित बदमाश माना जाता है। पुलिस अब उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी तैयारी कर रही है ताकि भविष्य में वह किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को अंजाम न दे सके।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा, उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक नीरज तिवारी, ज्ञानेन्द्र पाठक, अच्छेलाल, बलजीत तथा आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, गौरव तिवारी और भगवान पटैल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फायरिंग कर दहशत फैलाने निकला कुख्यात बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। गढ़ा पुलिस की इस तेज कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून के हाथ उससे कहीं ज्यादा लंबे होते हैं।

Related Articles

Back to top button