Latest News

खजरी खिरिया बायपास बना आग का मैदान: ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग, हादसे में युवक ने तोड़ा दम

खजरी खिरिया बायपास बना आग का मैदान: ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग, हादसे में युवक ने तोड़ा दम

जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल युवक आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए शंकरनगर निवासी 39 वर्षीय अजीत सिंह चौधरी की मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 12 बजे अजीत सिंह चौधरी स्कूटी से जा रहे थे, तभी खजरी खिरिया बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और कुछ ही देर में ट्रक व स्कूटी दोनों आग की लपटों में घिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम भी पहुंच गई।

हादसे में अजीत सिंह चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही और मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के बाद माढ़ोताल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खजरी खिरिया बायपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

खजरी खिरिया बायपास पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए अजीत सिंह चौधरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक और स्कूटी में आग भी लग गई थी। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button