जबलपुर: करोड़ों की शराब दुकान, लेकिन कर्मचारी असुरक्षित: मुफ्त शराब से इनकार पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार
करोड़ों की शराब दुकान, लेकिन कर्मचारी असुरक्षित: मुफ्त शराब से इनकार पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार

जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र में एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शराब दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की शराब दुकान संचालित करने वाले ठेकेदारों के कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
घटना सहजपुरी बरगीनगर स्थित शराब दुकान की है, जहां कार्यरत सेल्समेन राजू यादव पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित के अनुसार, 9 जून की रात करीब 8 बजे वह दुकान पर ड्यूटी कर रहा था, तभी मनकेड़ी निवासी बबलू झारिया वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मुफ्त शराब और पैकारी की मांग करने लगा।
जब राजू यादव ने स्पष्ट रूप से मना करते हुए कहा कि मैनेजर के निर्देशानुसार मुफ्त में शराब देना प्रतिबंधित है, तो आरोपी भड़क गया और अपने साथियों पवन देवक और निक्की महरोलिया को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों आरोपी सफेद स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे और आते ही गाली-गलौज करते हुए राजू यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर राजू यादव को शराब दुकान के पीछे ले जाकर बेरहमी से पीटा। इसी दौरान पवन देवक ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग कर दी। हालांकि, पीड़ित अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस हमले में उसे पैर और कंधे में चोटें आई हैं।
इस मामले में पुलिस ने धारा 109(1), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना साफ तौर पर दर्शाती है कि शराब ठेकेदारों के कर्मचारी नियमों का पालन करते हुए भी सुरक्षित नहीं हैं। अवैध मांगों को ठुकराने पर उन्हें जानलेवा हमलों का सामना करना पड़ रहा है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, वहीं इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



